वर्कला विहार
Updated: Apr 12, 2020
उत्तरं यत समुद्रस्य, हिमाद्रेश्चैव दक्षिणं,
वर्ष तद भारतं, नाम भारती यत्र संतति। -विष्णु पुराण
विष्णु पुराण के अप्रतिम भारत का यथास्वरूप वैसा नहीं है, जैसा विदित था। परन्तु, उसकी झलक आज भी विद्यमान है। भारतवर्ष जिसका विस्तार पश्चिम में बलूचिस्तान से लेकर कंधार से होते हुए पूर्व में ब्रह्मदेश तक था, जो दक्षिण में सिंहल प्रदेश (वर्तमान श्रीलंका) तक फैला था। समय चक्र के बदलते स्वरूप ने इसकी भौतिक आकारिकी को नूतन नामकरण से विविध क्षेत्रों में बांट दिया।
मैं इस समय 21वीं सदी के भारत की बात कर रहा हूं जिसके बारे में बालकवि बैरागी लिखते हैं-
केरल से करगिल घाटी तक,गोहाटी से चौपाटी तक,सारा देश हमारा।।
भारत के भौतिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक परिदृश्य की मनोरम झलक पाने को आतुर, मैं यहां दक्षिण भारत के भ्रमण वृतांत को प्रस्तुत कर रहा हूं , जिसका प्रधानमंत्री मोदी के पर्यटन मंत्र से कोई ताल्लुक नहीं है, लेकिन यह एक संयोग ही है कि उनका उद्बोधन मेरी इस यात्रा से कुछ दिन पूर्व ही हुआ था।
यह भ्रमण वृतांत है तीन दोस्तों का, जो प्रबंधन का अध्ययन करके अपने इम्तिहान समाप्त करके, अपने दैनिक दोहराव, जटिल एवं व्यस्ततम समय सारणी को विराम देकर निकल जाते हैं अनियोजित यात्रा पर, मन की शांति, नव वैचारिक मंथन, प्राकृतिक पर्यटन एवं भारतीय संस्कृति के पसरे स्वरूप के दर्शन हेतु, जिसके बारे में किसी ने सही लिखा है-
भारत कह लो, इंडिया कह लो,या फिर हिंदुस्तान।
मेरी आंखें उसी तरफ है, उसी तरफ है ध्यान।।
Till Cahill ने कहा है कि "A journey is best measured in friends rather than miles".
इस यात्रा के तीनों हमसफर एक दूसरे से बहुत विविध है।
अगर मै भौगोलिक दृष्टि से बात करूं तो एक दोस्त के पृष्ठभूमि है, अहोम (वर्तमान आसाम) गणराज्य की अंतिम राजधानी जिला जोरहट। दूसरा मित्र यूं तो मित्रों (नमो )के राज्य से है, लेकिन भाई साहब ने हमेशा घुमक्कड़ जीवन ही बताया है, अध्ययन के सिलसिले में और माता पिता की नौकरी के सिलसिले में और मुझे तो आप जानते ही हैं, नहीं? बताता हूं मेरा मूल निवास है, थार का रेगिस्तान, रेत के टीले सही सुना जिला बाड़मेर, राजस्थान।
रात्रि के तीसरे पहर में हमने शुरुआत की सुहावने क्षणों की यादों को संजोने वाले इस यात्रा की। इस यात्रा का माध्यम था, लोह पथ गामिनी यानि ट्रेन। इस यात्रा का प्रस्थान बिंदु था, तिरुचिरापल्ली यानी तिरूचि। ट्रेन में सफर का मजा कुछ अलग ही है।धीरे-धीरे ट्रेन चल पड़ी हमें छोड़ने हमारे गंतव्य की ओर।

अगले रोज जब आंख खुली तो सुदूरपूर्व की रोशनी का किरणपुंज महेंद्र गिरी की पहाड़ियों से टकराकर बादलों की उपस्थिति में एक मनोरम दृश्य प्रस्तुत कर रह था। और इन शिलाओं के समानांतर पवन चक्कियों के फार्म(Windmills) लगा रखे थे। मौसम इतना लुभावना था कि इकबारगी लगा बस इन्हीं पर्वतों में रम जाऊं, लेकिन हमें मंजिल तक पहुंचना था। तकरीबन 10 घंटे के सफर के बाद मध्याह्न में ट्रेन ने हमें अपने गंतव्य पर पहुंचा दिया।
रेलवे स्टेशन के निकासी द्वार से बाहर निकलकर हमने शाकाहारी रेस्तरां की तलाश शुरू की। आधे घंटे बाद हमें वर्कला के ही निकटतम हाट में छोटी सी रेस्तरां मिल गई, जहां दोपहर का भोजन किया। हमारा रुकने का या यूं कहें रात्रि विश्राम का स्थान वहां से 3 किमी. दूर था हम सभी उस स्थान के परिदृश्य से अपरिचित हैं और तीनों के हिंदी भाषी होने के कारण भाषा ही दिक्कत भी आ रही थी हमने रिक्शा लेकर पहुंचने का फैसला किया 10 मिनट बाद हम अतिथि गृह के बाहर खड़े थे। वह हमने अपने कक्ष की चाबियां लेकर प्रवेश किया। एकदम साफ-सुथरे परिवेश ने हमारी आंखों को सुकून-सा अहसास दिया।
वहां नहा-धोकर हम करीबन 4:00 बजे निकल पड़े वर्कला क्लिफ(समुद्र के पास चट्टान का सिरा) की ओर, प्रकृति की अनुपम, अद्वितीय, मनमोहक दृश्य की झलक पाने के लिए। हमारे होटल से क्लिफ मात्र 800 मीटर दूर था। हम 800 मीटर से भी कम दूरी का रास्ता तय करने के चक्कर में गूगल नक्शे की सहायता से एक संकीर्ण से बंद रास्ते में जा फंसे, जिसके उस छोर पर क्लिफ़ था, लेकिन जाने का रास्ता नहीं था। कभी-कभी तकनीक भी हमें शॉर्टकट के चक्कर में उल्टा फंसा देती है, या यह कहना ज्यादा उचित होगा कि यह इंडिया है और यहां कब कौन सी राह कहां बन जाए या बंद हो जाए, कोई पता नहीं। उस भटकीले राह से निकलकर हम आखिरकार वर्कला क्लिफ पर पहुंच ही गए।
सूर्य बादलों की ओट में मटमैली घटाओं के पीछे अस्ताचल की ओर अग्रसर हो रहा था। बच्चे इधर-उधर खेल रहे थे, श्वान भी झुंड में क्रीड़ा कर रहे थे। मौसम ने अपने मनोरम दृश्य हमारी चक्षुओं के सम्मुख पेश करने शुरू कर दिए। क्लिफ के सिरे से हरियाली छायी थी। वहां हमने चित्रांकन कर नीचे की ओर, वर्कला बीच यानी समुद्र तट की तरफ गमन किया। अब हम चट्टान के नीचे तलहटी में थे, नग्न सागर के सामने, अपने पदचिन्ह बनाते चले जा रहे थे किनारे- किनारे, उस भुरभुरी बालू के ऊपर, जहां समुद्र की लहरें बार-बार मिलने को आतुर हो रही थी।
वर्कला बीच एकदम स्वच्छ, सुंदर व आकर्षक स्थान है। लोगों का इतना जमावड़ा न होना भी इसका कारण हो सकता है या अच्छी तरह से देखभाल तो इसकी विशेषता है ही।
कुछ विदेशी सैलानी भी देसी लोगों के बीच समुद्र तट का लुत्फ़ उठा रहे थे। समुद्र की लहरें किनारे से बार-बार आलिंगन को आतुर थी। हर बार किनारे पर आकर उनका सफर समाप्त हो जाता था, लेकिन कभी हिम्मत नहीं हारती। गोता लगाने, बारम्बार उठने, गिरने और शांत होने(क्षणिक) का यह दौर अनवरत चलता रहता । हमने भी समुद्र तट पर सायंकाल के उस सुहावने दृश्य में लहरों के साथ अठखेलियां करना शुरू कर दिया। पास में बच्चे और युवा फुटबॉल का आनंद ले रहे थे। नन्हे बच्चे बीच पर रेत के घरौंदे बना रहे थे। इस दृश्य ने मुझे मेरे बचपन के बरसात के दिनों की यादें ताजा कर दी थी।
देश-विदेश से आये सैलानी इस दृश्य का मजा ले रहे थे। प्रेमी जोड़े अपने प्रेमालाप में मशगूल थे। जैसे-जैसे सांझ बढ़ने लगी, लोग अपने-अपने होटल्स की ओर बढ़ने लगे। सुरक्षा सचेतक सीटी बजाकर अंधेरे में लहरों से मस्ती करने वालों को चेतावनी दे रहे थे। हमने भी वहां पर मस्ती के पलों को कैमरे में कैद कर लिया।
दिनभर की मस्ती व अठखेलियां से अब पेट में चूहे दौड़ने लगे। अपने उदर की अनल को शांत करने के लिए समुद्र तट से सटे रेस्तरां में प्रवेश किया और खाने के लिए ऑर्डर बुक कर लिया। रात्रि भोजन करके हम भी चल पड़े अपने ठहराव की ओर। यह थी हमारे वर्कला बीच और वर्कला क्लिफ की पहले दिन की कहानी।
इन सबके बीच मैं वर्कला से परिचित करवाना भूल ही गया।
चलो करवाते हैं-
वर्कला केरल राज्य की राजधानी त्रिवेंद्रम (तिरुअनंतपुरम) में एक छोटा सा शहर है, जहां ऊंची चट्टाने अरब सागर से सटे मिलती है। वर्कला प्राकृतिक झरनों, बीचों (समुद्र तट), मंदिरों व पर्यटन के लिए प्रसिद्ध है। यहां जनार्दन स्वामी का 2000 वर्ष पुराना मंदिर, शिवगिरी मठ, कपिल झील, अजिंक्य प्रकाश स्तंभ और कई दर्शनीय स्थल हैं। यह चारों तरफ से प्राकृतिक छटा से घिरा हुआ बेहद ही खूबसूरत पर्यटन स्थल है।

Comments